Trust img

Home >Blogs >बार-बार पेशाब आना और रोक न पाना: कब चिंता करें?
CK Birla Hospital

बार-बार पेशाब आना और रोक न पाना: कब चिंता करें?

Urology | by Dr. Samir Khanna on May 11, 2026

Share :

Summary

  • यह समझना कि बार-बार पेशाब आने की समस्या सामान्य है या किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।
  • यूरिनरी ट्रेक्ट इंफेक्शन (UTI), डायबिटीज, और प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याएं इसके मुख्य कारण हो सकते हैं।
  • जीवनशैली में बदलाव, कीगल एक्सरसाइज और सही समय पर अपने डॉक्टर से परामर्श से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
  • अगर पेशाब में जलन, दर्द या खून आए, तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

क्या आपको भी बार-बार पेशाब जाने की आवश्यकता लगती है? क्या कभी ऐसा हुआ है कि आप कोई बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यों के दौरान भी आपको बार-बार उठना पड़ता है। यकीन मानिए, आप अकेले नहीं हैं। भारत में लाखों लोग हर दिन इस चुप्पी भरी तकलीफ का सामना करते हैं। यह सिर्फ एक शारीरिक परेशानी नहीं है, बल्कि यह आपके आत्मविश्वास, आपकी नींद और आपके सामाजिक जीवन को अंदर से खोखला कर देती है।

अक्सर लोग इसे ‘बढ़ती उम्र का तकाजा’ मानकर टाल देते हैं, लेकिन शरीर का यह इशारा कुछ और भी हो सकता है। ये समस्या सिर्फ बड़ी उम्र के साथ कम उम्र के लोगों को भी परेशान करती है। सही समय पर जानकारी ही आपको एक सामान्य और खुशहाल जीवन वापस दिला सकती है। सीके बिरला अस्पताल में हमारा उद्देश्य आपको केवल इलाज देना नहीं है, बल्कि आपके उस आत्मविश्वास को फिर से वापस लाना है, जो आपको कहीं भी कभी भी घूमने की आजादी देता है। यदि आप भी ऐसी किसी समस्या से परेशान है, तो बिना देर किए हमारे अनुभवी विशेषज्ञों से मिलें और इलाज लें।

बार-बार पेशाब आना और यूरिनरी इनकॉन्टिनेंस को समझना

साधारण शब्दों में कहें तो एक स्वस्थ व्यक्ति दिन भर में 6 से 8 बार पेशाब जाता है। लेकिन अगर यह संख्या इससे ज्यादा हो जाए या आपको अचानक से इतनी तेज महसूस हो कि आप टॉयलेट तक न पहुँच सकें, तो इसे पेशाब रोक न पाना या ‘Urinary Incontinence’ कहा जाता है।

यह स्थिति दो तरह की हो सकती है: पहली, जिसमें ब्लैडर (पेशाब की थैली) पूरी तरह भर जाने से पहले ही संकुचित हो जाती है। दूसरी, जिसमें ब्लैडर की मांसपेशियां इतनी कमजोर हो जाती हैं कि वे मूत्र के दबाव को झेल नहीं पाती। यह समस्या केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं है; आजकल युवाओं और महिलाओं में भी बार-बार पेशाब की समस्या तेजी से देखी जा रही है।

ये भी पढ़े:  पेशाब में जलन क्या है – कारण, निदान और उपचार

पेशाब की समस्या के कारण: सामान्य से लेकर गंभीर तक

जब हम बार-बार पेशाब आने के पीछे के कारणों को तलाशते हैं, तो इसके पीछे कई छोटी और बड़ी वजहें छिपी हो सकती हैं। मेडिकल साइंस के अनुसार, इसके मुख्य कारणों को हम दो भाग में बाँट सकते हैं –

  • यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI): यह पेशाब की समस्या का सबसे प्राथमिक कारण है। विशेषकर महिलाओं में ये सबसे सामान्य समस्या मानी जाती है। जब बैक्टीरिया मूत्रमार्ग के जरिए ब्लैडर में पहुँच जाते हैं, तो वहां सूजन और जलन पैदा करते हैं। इसकी वजह से बार-बार पेशाब और जलन की शिकायत होने लगती है।
  • डायबिटीज (मधुमेह): अगर आपके शरीर में शुगर का लेवल बढ़ रहा है, तो किडनी अतिरिक्त शुगर को बाहर निकालने के लिए ज्यादा पेशाब बनाती है। बार-बार पेशाब आना अक्सर टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज का शुरुआती लक्षण होता है।
  • प्रोस्टेट की समस्या: पुरुषों में, विशेष रूप से 50 की उम्र के बाद, प्रोस्टेट ग्लैंड बढ़ जाती है। यह बढ़ा हुआ ग्लैंड मूत्रमार्ग पर दबाव डालता है, जिससे पेशाब रुक-रुक कर आता है या बार-बार जाने की इच्छा होती है।
  • ओवरएक्टिव ब्लैडर (OAB): कभी-कभी ब्लैडर की मांसपेशियां बिना किसी कारण के ही संकुचित होने लगती हैं, जिससे व्यक्ति को लगता है कि उसे तुरंत बाथरूम जाना है, भले ही ब्लैडर खाली ही क्यों न हो।
  • गर्भावस्था और प्रसव: महिलाओं में गर्भावस्था के दौरान गर्भाशय का बढ़ता वजन ब्लैडर पर दबाव डालता है। साथ ही, नॉर्मल डिलीवरी के बाद पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं, जिससे पेशाब रोक न पाना एक सामान्य समस्या बन जाती है।
  • खान-पान और दवाएं: ज्यादा कैफीन (चाय-कॉफी), शराब या कुछ खास तरह की ब्लड प्रेशर की दवाएं (Diuretics) भी शरीर में मूत्र की मात्रा बढ़ा देती हैं।

ये भी पढ़े: डायबिटिक के मरीज के लिए कम्पलीट डाइट चार्ट

इन लक्षणों को कभी न करें नजरअंदाज (साथ दिखने वाले लक्षण)

सिर्फ पेशाब का बार-बार आना ही समस्या नहीं है, बल्कि उसके साथ होने वाले अन्य बदलावों पर ध्यान देना जरूरी है –

  • बार-बार पेशाब आना और दर्द: यह सीधे तौर पर इंफेक्शन या स्टोन का संकेत हो सकता है।
  • पेशाब में बदलाव: यदि पेशाब का रंग गहरा हो, उसमें से तेज दुर्गंध आए या वह धुंधला (Cloudy) दिखे।
  • पेशाब में खून आना: यह सबसे गंभीर लक्षणों में से एक है, जो किडनी की बीमारी या ट्यूमर का संकेत हो सकता है।
  • पेशाब की धार का कमजोर होना: खासकर पुरुषों में, यह प्रोस्टेट की समस्या को दर्शाता है।
  • बुखार और ठंड लगना: यदि यूरिनरी इन्फेक्शन किडनी तक पहुँच गया है, तो बुखार आ सकता है।

ये भी पढ़े: किडनी स्टोन का निदान कैसे किया जाता है?

पेशाब की समस्या कब डॉक्टर को दिखाएं?

हम अक्सर सोचते हैं कि “कल तक ठीक हो जाएगा,” लेकिन पेशाब की समस्या के कारण जब आपके जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करने लगें, तो विशेषज्ञ की सलाह लेना अनिवार्य है। आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए यदि –

  • पेशाब पर आपका नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो गया हो।
  • पेशाब करते समय असहनीय जलन या बार-बार पेशाब और दर्द हो।
  • रात में 3-4 बार से ज्यादा उठना पड़े, जिससे आपकी नींद प्रभावित हो रही हो।
  • पेशाब के साथ बुखार या पीठ के निचले हिस्से में दर्द हो।
  • पेशाब का रंग लाल या गहरा भूरा दिखाई दे।

सीके बिरला अस्पताल के विशेषज्ञों का मानना है कि शुरुआती निदान से 90% मामलों में सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ती और दवाओं व थेरेपी से ही मरीज ठीक हो जाते हैं।

ये भी पढ़े: यूरिक एसिड बढ़ने का कारण, लक्षण, निदान, घरेलू उपचार और बचाव

उपचार के विकल्प: मेडिकल ट्रीटमेंट और दवाएं

आज के दौर में मेडिकल साइंस ने इतनी उन्नति कर ली है कि मूत्र संबंधी समस्या का इलाज बहुत सरल हो गया है। डॉक्टर आपकी स्थिति के अनुसार निम्नलिखित सुझाव दे सकते हैं –

  • बार-बार पेशाब की दवा: इंफेक्शन के लिए एंटीबायोटिक और ओवरएक्टिव ब्लैडर के लिए एंटीकोलिनर्जिक्स (Anticholinergics) दवाएं दी जाती हैं। ये दवाएं ब्लैडर की मांसपेशियों को शांत करने में मदद करती हैं।
  • हार्मोन रिप्लेसमेंट: मेनोपॉज के बाद महिलाओं में एस्ट्रोजन की कमी से होने वाली समस्याओं के लिए हार्मोन क्रीम का उपयोग किया जाता है।
  • न्यूरोमोड्यूलेशन: यदि दवाएं काम न करें, तो नसों को उत्तेजित करने वाली एक छोटी डिवाइस का उपयोग किया जा सकता है, जो ब्लैडर के संकेतों को नियंत्रित करती है।
  • सर्जरी: प्रोस्टेट बढ़ने या ब्लैडर के नीचे खिसकने (Prolapse) की स्थिति में ही सर्जरी की सलाह दी जाती है।

ये भी पढ़े: गर्मी में हाइड्रेटेड रहने के लिए क्या करें और क्या खाये

घर पर राहत पाने के प्रभावी उपाय

मेडिकल ट्रीटमेंट के साथ-साथ आप कुछ घरेलू बदलावों से भी अपनी स्थिति सुधार सकते हैं –

  1. पेल्विक फ्लोर एक्सरसाइज (Kegel): यह सबसे प्रभावी तरीका है। इसमें पेल्विक मांसपेशियों को सिकोड़ने और छोड़ने का अभ्यास किया जाता है, जिससे पेशाब रोक न पाना की समस्या में सुधार होता है।
  2. ब्लैडर ट्रेनिंग: पेशाब जाने के समय को धीरे-धीरे बढ़ाएं। जैसे अगर आप हर 30 मिनट में जाते हैं, तो उसे बढ़ाकर 45 मिनट करने की कोशिश करें।
  3. खानपान में सुधार: रात के समय तरल पदार्थों का सेवन कम करें। मसालेदार भोजन, कृत्रिम मिठास और कैफीन से बचें क्योंकि ये ब्लैडर में जलन पैदा करते हैं।
  4. वजन नियंत्रण: अधिक वजन ब्लैडर पर अतिरिक्त दबाव डालता है, इसलिए स्वस्थ वजन बनाए रखना जरूरी है।

ये भी पढ़े: आंत में सूजन क्यों होता है: लक्षण, कारण, शरीर पर इसका प्रभाव और इसका इलाज?

बार-बार पेशाब आने की समस्या के बचाव के उपाय

कहते हैं “बचाव इलाज से बेहतर है।” अपनी किडनी और ब्लैडर को स्वस्थ रखने के लिए ये नियम अपनाएं:

  • पर्याप्त पानी पिएं, लेकिन एक ही बार में बहुत सारा पानी पीने के बजाय घूँट-घूँट कर पिएं।
  • पेशाब को बहुत देर तक रोक कर न रखें, इससे ब्लैडर की मांसपेशियां कमजोर होती हैं और इंफेक्शन का खतरा बढ़ता है।
  • व्यक्तिगत स्वच्छता (Personal Hygiene) का ध्यान रखें, विशेषकर महिलाओं को UTI से बचने के लिए खास सावधानी बरतनी चाहिए।
  • नियमित रूप से व्यायाम करें और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

ये भी पढ़े: लिवर में सूजन क्यों होता है: लक्षण, कारण, शरीर पर इसका प्रभाव और इसका इलाज?

निष्कर्ष

बार-बार पेशाब आना या पेशाब रोक न पाना कोई ऐसी बात नहीं है, जिसे छिपाया जाए या जिससे शर्मिंदा हुआ जाए। यह आपके शरीर की एक पुकार है, जिसे सुनने और समझने की जरूरत है। सही समय पर बार-बार पेशाब की दवा और विशेषज्ञ का परामर्श आपको न केवल इस शारीरिक कष्ट से मुक्ति दिला सकता है, बल्कि आपके सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बना सकता है।

यदि आप या आपके परिवार में कोई इस समस्या का सामना कर रहा है, तो आज ही सीके बिरला अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग से संपर्क करें। याद रखें, आपका स्वास्थ्य आपकी सबसे बड़ी पूंजी है।

अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न

क्या ज्यादा पानी पीने से बार-बार पेशाब आ सकता है?

हाँ, यह स्वाभाविक है। यदि आप अपने शरीर की जरूरत से ज्यादा पानी पीते हैं, तो किडनी अतिरिक्त तरल को बाहर निकालती है। लेकिन अगर पानी कम पीने के बावजूद आप बार-बार पेशाब की समस्या से जूझ रहे हैं, तो यह मेडिकल चेकअप का समय है।

क्या नींद में पेशाब आना (Night-time urination) खतरे की निशानी है?

रात में एक बार उठना सामान्य है, लेकिन अगर आप 2-3 बार से ज्यादा उठ रहे हैं (जिसे नोक्टुरिया कहते हैं), तो यह डायबिटीज, प्रोस्टेट की समस्या या हृदय संबंधी विकार का शुरुआती संकेत हो सकता है।

क्या ब्लैडर एक्सरसाइज (Kegel) से मदद मिल सकती है?

बिल्कुल, कीगल एक्सरसाइज पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों को मजबूती देती है। यह पेशाब रोक न पाना और छींकते या खांसते समय यूरिन लीक होने की समस्या में रामबाण सिद्ध होती है। इसे नियमित रूप से करना चाहिए।

क्या तनाव या एंग्जायटी से पेशाब बार-बार आता है?

हाँ, तनाव के समय शरीर में ‘फाइट या फ्लाइट’ हार्मोन रिलीज होते हैं, जो नर्वस सिस्टम को प्रभावित करते हैं। इससे ब्लैडर की संवेदनशीलता बढ़ जाती है और व्यक्ति को बार-बार टॉयलेट जाने की इच्छा महसूस होती है।

क्या बार-बार पेशाब आना किडनी खराब होने का लक्षण है?

जरूरी नहीं, लेकिन यह एक संभावना हो सकती है। किडनी की कार्यक्षमता कम होने पर वह यूरिन को ठीक से कॉन्संट्रेट नहीं कर पाती, जिससे पेशाब की मात्रा बढ़ सकती है। इसके साथ पैर में सूजन या कमर दर्द हो तो डॉक्टर से मिलें।

क्या खान-पान से पेशाब की जलन कम की जा सकती है?

जी हां, खट्टे फल, नारियल पानी और क्रैनबेरी जूस यूरिनरी मार्ग को साफ रखने और बार-बार पेशाब और जलन को कम करने में मदद करते हैं। अधिक मिर्च-मसाले से परहेज करना फायदेमंद होता है।

Share :

Written and Verified by: