Trust img

Home >Blogs >ब्रेन फॉग (Brain Fog) क्या है? मानसिक थकान और एकाग्रता की कमी
CK Birla Hospital

ब्रेन फॉग (Brain Fog) क्या है? मानसिक थकान और एकाग्रता की कमी

Neurology | by Dr K. K. Jindal on Oct 16, 2026

Share :

Summary

  • यह कोई बीमारी नहीं, बल्कि ध्यान, याददाश्त और सोच-समझने की क्षमता को प्रभावित करने वाले लक्षणों का समूह है।
  • दिमाग में धुंधलापन, आसान काम में ज्यादा वक्त लगना, बातें भूलना और सोने के बाद भी मानसिक थकान इसके मुख्य लक्षण हैं।
  • प्रमुख कारण: कम नींद, तनाव, पोषण की कमी (B12, D, आयरन), डिहाइड्रेशन, हार्मोनल बदलाव, दवाएं और ज्यादा स्क्रीन टाइम।
  • इसका कोई एक टेस्ट नहीं है; डॉक्टर कारण ढूंढकर इलाज करते हैं और जीवनशैली सुधारने से सबसे ज्यादा फायदा मिलता है।
  • लक्षण कई हफ्तों तक रहें या अचानक बोलने, चलने व चेहरे में सुन्नता आए (जो स्ट्रोक का संकेत हो सकता है), तो तुरंत डॉक्टर से मिलें।

पढ़ते-पढ़ते एक ही लाइन तीन बार पढ़नी पड़ रही है? कमरे में आकर भूल जाते हैं कि क्या लेने आए थे? बात करते हुए आम सा शब्द जुबान पर आकर अटक जाता है? इस अनुभव को लोग ब्रेन फॉग (Brain Fog) कहते हैं, लेकिन वहीं कुछ लोग इसे दिमागी बीमारी के तरह भी देखते हैं। ब्रेन फॉग के बारे में बहुत सारी भ्रांतियां हैं, जिनके बारे में हम इस ब्लॉग में बात करने वाले हैं।

इस ब्लॉग में हम समझेंगे कि ब्रेन फॉग कैसा महसूस होता है, इसके कारण क्या हैं, डॉक्टर क्या जांच करते हैं और मानसिक स्पष्टता वापस पाने के लिए आप क्या कर सकते हैं। अगर आपको ऐसे लक्षण दिख रहे हैं या रिपोर्ट को लेकर कोई चिंता है, तो विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेना सही कदम हो सकता है।

ब्रेन फॉग क्या है और यह कैसा महसूस होता है?

ब्रेन फॉग को मेडिकल भाषा में कोई निश्चित निदान (diagnosis) नहीं माना जाता। हमारे अनुभवी डॉक्टर इसे “लक्षणों का समूह” मानते हैं, जो सोचने-समझने की क्षमता (cognitive function) को प्रभावित करता है। हर व्यक्ति को यह थोड़ा अलग महसूस हो सकता है।

आम तौर पर लोग इसे ऐसे बताते हैं –

  • दिमाग भारी या धुंधला लगना, जैसे सोच पर कोई परत चढ़ी हो
  • आसान काम में भी जरूरत से ज्यादा मेहनत लगना
  • रात भर सोने के बाद भी दिमागी थकान बनी रहना

यह समझना जरूरी है कि कभी-कभार दिमाग का सुस्त होना सामान्य है। चिंता तब होती है जब यह कई हफ्तों तक चले, बढ़ता जाए या रोजमर्रा के काम, पढ़ाई और रिश्तों पर असर डालने लगे। हाल के दिनों में यह समस्या काफी बढ़ी है, और कई विशेषज्ञ इसके पीछे खराब जीवनशैली और लगातार रील्स (Reels) या शॉर्ट वीडियो देखने की आदत को भी एक बड़ा कारण मानते हैं।

ब्रेन फॉग के मुख्य लक्षण

लक्षणों की तीव्रता दिन-ब-दिन बदल सकती है। नीचे दी गई टेबल में आम लक्षण और उनका असल जिंदगी में रूप देखिए।

ब्रेन फॉग के मुख्य लक्षण

कई लोग इन लक्षणों के साथ शर्मिंदगी या घबराहट भी महसूस करते हैं। यह स्वाभाविक है, और अच्छी बात यह है कि ज्यादातर मामलों में कारण पहचानकर स्थिति सुधारी जा सकती है।

अचानक फोकस की कमी क्यों आती है? मानसिक थकान के प्रमुख कारण

मानसिक तनाव के कारण (Mental Fatigue Causes) अक्सर एक नहीं, कई होते हैं। फोकस की कमी के कारणों में सबसे आम ये हैं –

  • नींद की कमी: कम या खराब नींद से दिमाग “रीसेट” नहीं हो पाता।
  • तनाव और चिंता: स्ट्रेस हार्मोन एकाग्रता घटाते हैं और दिमाग की क्षमता ब्लॉक करते हैं।
  • पोषक तत्वों की कमी:विटामिन B12, D, आयरन या ओमेगा-3 की कमी से एनर्जी और फोकस गिरते हैं।
  • हार्मोनल बदलाव:थायराइड, पेरिमेनोपॉज/मेनोपॉज या प्रेगनेंसी के कारण।
  • डिहाइड्रेशन: हल्का पानी कम पीना भी याददाश्त और ध्यान को प्रभावित करता है।
  • दवाइयों का असर: कुछ एंटीहिस्टामाइन या नींद की दवाओं से सुस्ती आ सकती है।
  • खराब जीवनशैली: ज्यादा स्क्रीन टाइम, मल्टीटास्किंग और शारीरिक निष्क्रियता।

एक जरूरी बात: अगर कोई नई दवा शुरू करने के बाद धुंध महसूस हो, तो दवा खुद बंद न करें। अपने डॉक्टर से बात करें।

कौन सी मेडिकल स्थितियां ब्रेन फॉग पैदा कर सकती हैं?

जीवनशैली सुधारने पर भी राहत न मिले, तो डॉक्टर कुछ मेडिकल कारण टटोलते हैं। ध्यान रखें कि सिर्फ ब्रेन फॉग होने का मतलब यह नहीं है कि इनमें से कोई बीमारी है। ये लक्षण कई स्थितियों में मिलते-जुलते हैं जैसे कि –

संभावित स्थिति इसका संबंध
थायराइड विकार मेटाबॉलिज्म धीमा होने से सुस्ती और सोच में धीमापन
डायबिटीज / ब्लड शुगर का उतार-चढ़ाव ऊर्जा और एकाग्रता पर सीधा असर
एनीमिया, B12 या विटामिन D की कमी दिमाग तक ऑक्सीजन और पोषक तत्व कम पहुंचना
ऑटोइम्यून बीमारियां (जैसे लुपस, मल्टीपल स्क्लेरोसिस) सूजन के कारण संज्ञानात्मक लक्षण
लॉन्ग कोविड या वायरल संक्रमण के बाद की थकान कोविड के कई हफ्तों या महीनों बाद भी फोकस और याददाश्त की दिक्कत
फाइब्रोमायल्जिया, क्रोनिक फटीग सिंड्रोम लगातार थकान के साथ ब्रेन फॉग की समस्या
नींद के विकार, डिप्रेशन, एंग्जायटी दिमागी थकान और ध्यान की कमी
कैंसर का इलाज (कीमोथेरेपी) “कीमो ब्रेन (Chemo Brain)” के नाम से जाना जाता है

ब्रेन फॉग और डिमेंशिया में क्या फर्क है?

ब्रेन फॉग और डिमेंशिया तुलना

कई लोग याददाश्त की दिक्कत देखकर डिमेंशिया से डर जाते हैं। दोनों में फर्क समझना राहत देता है।

पहलू ब्रेन फॉग डिमेंशिया
प्रकृति अक्सर अस्थायी और कारण ठीक होने पर सुधरने वाला धीरे-धीरे बढ़ने वाली स्थिति
याददाश्त कभी-कभी भूलना, बाद में याद आ जाना लगातार और गंभीर भूलना, रोजमर्रा के काम बिगड़ना
असर नींद, आराम, तनाव घटने पर फर्क पड़ता है केवल आराम या आहार से ठीक नहीं होता
जरूरी कदम कारण खोजना और सुधारना न्यूरोलॉजिस्ट से पूरी जांच

अगर याददाश्त की समस्या लगातार बढ़ रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से जांच कराएं।

डॉक्टर ब्रेन फॉग का निदान कैसे करते हैं?

ब्रेन फॉग को पकड़ने का कोई एक अकेला टेस्ट नहीं होता, इसलिए डॉक्टर इसके मुख्य कारण की पहचान करते हैं –

  • विस्तृत बातचीत: लक्षणों की शुरुआत, अवधि, नींद, तनाव, हालिया बीमारी या नई दवाओं के बारे में जानकारी।
  • दवाओं की समीक्षा: ली जा रही दवाओं या सप्लीमेंट्स का दिमाग पर असर जांचना।
  • शारीरिक व नर्वस सिस्टम की जांच: रिफ्लेक्स, संतुलन और संवेदना (sensation) का परीक्षण।
  • रक्त जांच (आवश्यकतानुसार): एनीमिया (CBC), थायराइड (TSH), ब्लड शुगर, विटामिन B12, D और आयरन का स्तर।
  • मानसिक क्षमता जांच: याददाश्त और सोच को परखने के लिए MoCA जैसे सरल टेस्ट।
  • विशेष जांच (जरूरत पड़ने पर): स्लीप एपनिया के लिए स्लीप स्टडी या न्यूरोलॉजिकल लक्षणों के लिए MRI / CT Scan।

नोट: हर व्यक्ति के लिए आवश्यक जांचें अलग हो सकती हैं, जिन्हें डॉक्टर लक्षणों के आधार पर तय करते हैं।

ब्रेन फॉग दूर करने और मानसिक स्पष्टता पाने के असरदार उपाय

ब्रेन फॉग का इलाज इसकी मूल वजह को ठीक करने में है। हमारे अनुभवी डॉक्टर बताते हैं कि इसकी कोई सीधी दवा नहीं है, इसलिए जीवनशैली में बदलाव सबसे प्रभावी होते हैं –

  1. पर्याप्त नींद लें: रोज़ 7–9 घंटे की गुणवत्तापूर्ण नींद लें। सोने-उठने का समय तय रखें और सोने से 1 घंटे पहले स्क्रीन बंद कर दें।
  2. तनाव का प्रबंधन करें: ध्यान (Meditation), गहरी सांसें, योग या टहलना अपनाएं। समस्या गंभीर हो तो विशेषज्ञ से सलाह लें।
  3. शारीरिक गतिविधि: रोजाना 20–30 मिनट की तेज सैर दिमाग में रक्त संचार बढ़ाती है।
  4. डिजिटल ब्रेक: काम के दौरान छोटे ब्रेक लें। एक समय में एक ही काम करें (मल्टीटास्किंग से बचें)।
  5. स्मार्ट टूल्स का उपयोग: याददाश्त पर बोझ घटाने के लिए टू-डू लिस्ट, कैलेंडर और रिमाइंडर का इस्तेमाल करें।
  6. जांच के बाद ही सप्लीमेंट्स: विटामिन B12, D या आयरन की कमी पुष्टि होने पर ही डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लें।

खानपान और जीवनशैली में जरूरी बदलाव

दिमाग की बेहतर कार्यप्रणाली के लिए संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या अपनाएं –

क्या अपनाएं (Do’s) क्या कम करें / छोड़ें (Don’ts)
पर्याप्त तरल पदार्थ: पानी, नारियल पानी, छाछ मीठे पेय: ज्यादा चीनी वाली ड्रिंक्स और मिठाइयां
प्रोटीन व B12: दाल, अंडा, पनीर, दही प्रोसेस्ड फूड: अत्यधिक तला-भुना और पैक्ड खाना
ताजा पोषण: हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल अनियमित खानपान: लंबे समय तक भूखे रहना
ओमेगा-3 व गुड फैट्स: साबुत अनाज, अखरोट, अलसी, मछली अत्यधिक कैफीन: देर शाम या रात में चाय-कॉफी पीना
नियमित रूटीन: समय पर भोजन और सही नींद खराब दिनचर्या: देर रात तक जागना

डायबिटीज, थायराइड या अन्य पुरानी बीमारियों से पीड़ित मरीज खानपान में बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या डाइटीशियन से परामर्श अवश्य लें।

डॉक्टर से कब मिलें?

इन स्थितियों में जांच कराना बेहतर है –

  • धुंध कई हफ्तों से ज्यादा चले या धीरे-धीरे बढ़ती जाए।
  • नींद, खानपान और तनाव सुधारने के बाद भी फर्क न पड़े।
  • काम, पढ़ाई, गाड़ी चलाने या पैसों के हिसाब में गलतियां होने लगें।
  • लगातार थकान, वजन में बदलाव, उदासी या बहुत ज्यादा चिंता भी साथ हों।
  • नई दवा शुरू करने के बाद लक्षण शुरू हुए हों।

⚠️ अगर अचानक भ्रम की स्थिति हो, बोलने में दिक्कत हो, चेहरा टेढ़ा हो जाए, हाथ-पैर में कमजोरी या सुन्नता आए, तेज सिरदर्द या देखने में अचानक बदलाव हो, तो तुरंत इमरजेंसी में जाएं। ये ब्रेन फॉग नहीं, स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थितियों के संकेत हो सकते हैं।

निष्कर्ष

ब्रेन फॉग अपने आप में बीमारी नहीं, एक संकेत है कि दिमाग को आराम, पोषण या किसी अंदरूनी वजह पर ध्यान चाहिए। नींद, तनाव और खानपान सुधारने से ज्यादातर लोगों को राहत मिलती है। अगर धुंध लंबी चले या साथ में दूसरे लक्षण हों, तो अंदाजे से इंतजार करने के बजाय जांच कराना समझदारी है। सीके बिरला अस्पताल के न्यूरो साइंसेज विभाग में न्यूरोलॉजिस्ट और जरूरी जांच सुविधाओं के साथ मूल्यांकन कराया जा सकता है। निदान और इलाज के फैसले हमेशा योग्य डॉक्टर ही करें।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

Share :

Written and Verified by:

MBBS, MD (General Medicine), DM (Neurology) Director & HOD – Neurology Dr. K. K. Jindal is a highly experienced Neurologist with over 26+ years of expertise in diagnosing and treating complex neurological disorders. He has extensive experience in stroke management, epilepsy, neurocritical care, movement disorders, headache management, and neurorehabilitation. Dr. Jindal has been actively involved in teaching, research, public awareness...