Trust img

Home >Blogs >लो ब्लड प्रेशर के लक्षण, कारण और घरेलू उपाय
CK Birla Hospital

लो ब्लड प्रेशर के लक्षण, कारण और घरेलू उपाय

Cardiology | by Dr Anshul Kumar Jain on Jun 29, 2026 | Last Updated : Aug 7, 2026

Share :

Summary

क्या सुबह उठते समय आंखों के आगे अंधेरा छा जाता है या बार-बार चक्कर और कमजोरी महसूस होती है? यह लो ब्लड प्रेशर (Hypotension) का संकेत हो सकता है। इस लेख में जानें लो बीपी के 10 प्रमुख लक्षण, इसके कारण, घर पर अपनाए जा सकने वाले उपाय, सही खानपान और वे स्थितियां जब तुरंत डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी हो जाता है। सही जानकारी और समय पर देखभाल से लो ब्लड प्रेशर को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है।

सुबह उठते ही आंखों के आगे अंधेरा छा जाए, सीढ़ियां चढ़ते-चढ़ते अचानक पैर लड़खड़ाने लगे, या बैठे-बैठे एकदम से बेचैनी हो जाए, तो ज्यादातर लोग इसे थकान या गर्मी का असर मानकर टाल देते हैं। लेकिन अगर ऐसा बार-बार हो रहा है, तो आपका शरीर यह संकेत दे रहा है, जिसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं है, क्योंकि यह लो बीपी हो सकता है।भारत में जितनी बात हाई ब्लड प्रेशर की होती है, उतनी लो बीपी की नहीं होती, जबकि यह भी उतना ही ध्यान मांगता है। सही जानकारी के बिना लोग या तो घबरा जाते हैं या फिर बिल्कुल परवाह नहीं करते, दोनों ही स्थितियां नुकसानदेह हैं। इस ब्लॉग में हम आपको लो ब्लड प्रेशर से जुड़ी हर जरूरी बात बताएंगे, जैसे कि इसके लक्षण क्या होते हैं, यह क्यों होता है, घर पर क्या किया जा सकता है और कब डॉक्टर के पास जाना जरूरी हो जाता है।अगर आप या आपके परिवार में कोई इन लक्षणों से गुजर रहा है, तो आज ही सीके बिरला अस्पताल के अनुभवी विशेषज्ञों के साथ अपॉइंटमेंट बुक करें।

लो ब्लड प्रेशर कितना होता है? (What is considered low blood pressure in Hindi)

पहले यह समझना जरूरी है कि सामान्य और लो ब्लड प्रेशर में फर्क क्या होता है। एक स्वस्थ व्यक्ति का ब्लड प्रेशर आमतौर पर 120/80 mmHg के आसपास होता है। जब यह रीडिंग 90/60 mmHg से नीचे गिर जाए, तो इसे लो ब्लड प्रेशर या हाइपोटेंशन (Hypotension) कहा जाता है।लेकिन एक जरूरी बात, हर किसी के लिए एक ही नंबर “सामान्य” नहीं होता। कुछ लोग, खासकर जो नियमित व्यायाम करते हैं, उनका ब्लड प्रेशर स्वाभाविक रूप से थोड़ा कम रहता है और उन्हें कोई तकलीफ नहीं होती। लेकिन जब कम रीडिंग के साथ लक्षण भी हो, तभी यह चिंता का विषय बनता है।

ब्लड प्रेशर को तीन स्थितियों में बांटा जा सकता है:

  • सामान्य (Normal): 120/80 mmHg
  • कम लेकिन सामान्य (Low-normal): 90/60 से 119/79 mmHg
  • लो ब्लड प्रेशर (Hypotension): 90/60 mmHg से नीचे

लो ब्लड प्रेशर के 10 मुख्य लक्षण क्या है? (Symptoms of Low Blood Pressure in Hindi?)

लो बीपी के लक्षण अचानक आ सकते हैं या धीरे-धीरे महसूस होते हैं। कई बार लोग इन्हें सामान्य थकान समझ लेते हैं, इसलिए इन्हें पहचानना जरूरी है।

  1. चक्कर आना या हल्का सिर भारी लगना: यह सबसे आम लक्षण है। खासकर बैठकर या लेटकर अचानक उठने पर चक्कर आना, जिसे ऑर्थोस्टैटिक हाइपोटेंशन (Orthostatic Hypotension) कहते हैं।
  2. धुंधला या अंधेरा दिखना: अचानक उठने पर आंखों के आगे कुछ देर के लिए काला या धुंधला दिखना।
  3. थकान और कमजोरी: बिना किसी खास कारण के लगातार थका हुआ महसूस करना या शरीर में जान न लगना।
  4. मतली या जी मिचलाना: पेट का खराब रहना, खाने का मन न करना या उल्टी जैसा एहसास होना भी लो बीपी का लक्षण है।
  5. सांस फूलना: हल्के काम में भी सांस तेज हो जाना भी एक मुख्य लक्षण है।
  6. ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होना: काम में मन न लगना, भूलने की समस्या या सोचने में दिक्कत आना भी एक गंभीर लक्षण है।
  7. ठंडी और चिपचिपी त्वचा: शरीर में रक्त संचार ठीक न होने पर त्वचा ठंडी लगने लगती है और पसीना ज्यादा आता है।
  8. बेहोशी आना या आने जैसा एहसास: यह एक गंभीर लक्षण है। अगर बार-बार ऐसा हो तो तुरंत डॉक्टर से मिलें।
  9. दिल की धड़कन तेज या अनियमित होना: कभी-कभी शरीर कम दबाव की भरपाई के लिए दिल की गति बढ़ा देता है।
  10. प्यास और मुंह सूखना: पानी की कमी से भी बीपी गिरता है और इसके साथ बार-बार प्यास लगती है।

अगर इनमें से तीन या उससे ज्यादा लक्षण एक साथ आ रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें।

ब्लड प्रेशर लो होने के कारण कौन-कौन से हैं? (Causes of low blood pressure in Hindi?)

लो बीपी के पीछे कई कारण हो सकते हैं। कुछ अस्थायी होते हैं, तो कुछ किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकते हैं, जैसे कि –

  • पानी की कमी (Dehydration): गर्मी में पसीना, उल्टी-दस्त या पर्याप्त पानी न पीने से शरीर में तरल पदार्थ कम हो जाते हैं, जिससे ब्लड प्रेशर गिर जाता है। भारत जैसे गर्म देश में यह बेहद आम है। मई, जून और जुलाई की भीषण गर्मी में शरीर में पानी की गंभीर कमी (Dehydration) हो सकती है, जिससे बचने के लिए उचित कदम उठाए।
  • लंबे समय तक खड़े रहना: घंटों खड़े रहने या एक ही पोजीशन में बैठे रहने के बाद अचानक उठने पर बीपी तेजी से गिर सकता है।
  • दवाओं का असर: हाई बीपी, हृदय रोग, डिप्रेशन या पार्किंसन (Parkinson’s) की कुछ दवाएं ब्लड प्रेशर को नीचे ले आती हैं।
  • गर्भावस्था (Pregnancy): प्रेगनेंसी में, खासकर पहले छह महीनों में, रक्त वाहिकाएं फैलती हैं और बीपी कम होना स्वाभाविक है।
  • हृदय की समस्याएं: कम हार्टबीट, हार्ट वाल्व की समस्या या हार्ट फेलियर (Heart Failure) में भी ब्लड प्रेशर कम हो सकता है।
  • खून की कमी (Anemia): हीमोग्लोबिन कम होने पर शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती और बीपी लो हो सकता है।
  • थायराइड की समस्या: हाइपोथाइरॉइडिज़्म (Hypothyroidism) में भी ब्लड प्रेशर कम रह सकता है।
  • गंभीर संक्रमण या एलर्जी (Septic Shock / Anaphylaxis): यह एक इमरजेंसी स्थिति है, जिसमें बीपी बहुत तेजी से गिरता है।
  • लंबे समय तक बिस्तर पर रहना: बीमारी के बाद या सर्जरी के बाद लंबे आराम से भी बीपी लो हो जाता है।

घरेलू उपाय बीपी लो होने पर घर पर क्या करें? (Home Remedies to do at home for Low Blood Pressure in Hindi)

कई बार लो बीपी के हल्के लक्षणों को घर पर ही संभाला जा सकता है। यहां कुछ आजमाए हुए और सुरक्षित उपाय हैं, जिन्हें आप भी अपना सकते हैं –

  • नमक-पानी का घोल पिएं: थोड़े पानी में आधा चम्मच नमक मिलाकर पीने से तुरंत राहत मिल सकती है। लेकिन ध्यान रहे, यह नुस्खा उन्हीं के लिए है जिन्हें किडनी या हार्ट की कोई समस्या नहीं है।
  • ओआरएस (ORS) या नारियल पानी: पानी की कमी से अगर बीपी गिरा है, तो ORS या नारियल पानी जल्दी राहत देते हैं। इनमें इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देते हैं।
  • तुरंत बैठ जाएं या लेट जाएं: चक्कर आने पर तुरंत बैठ जाएं, घुटनों के बीच सिर झुका लें या पैरों को थोड़ा ऊपर उठाकर लेट जाएं। इससे दिमाग की तरफ रक्त का प्रवाह बेहतर होता है।
  • अदरक और शहद: एक चम्मच अदरक के रस में शहद मिलाकर लेने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। यह पुराना घरेलू उपाय है, जिससे कई लोगों को फायदा हुआ है।
  • किशमिश भिगोकर खाएं: रात को 8-10 किशमिश पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट खाएं। यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मददगार माना जाता है।
  • कैफीन (Caffeine) का एक कप: कभी-कभी एक कप चाय या कॉफी ब्लड प्रेशर को थोड़ा बढ़ा सकती है। लेकिन यह स्थायी इलाज बिल्कुल नहीं है, सिर्फ तात्कालिक राहत के लिए है।
  • थोड़ी-थोड़ी मात्रा में (स्मॉल मील्स) नमकीन भोजन खाएं: खाना कम मात्रा में, लेकिन बार-बार खाएं। बहुत देर तक खाली पेट रहने से बीपी और गिर सकता है।

लो ब्लड प्रेशर में क्या खाना चाहिए? (What should you eat for Low Blood Pressure in Hindi?)

what to eat in low blood pressure

आपकी डाइट सीधे तौर पर तय करती है कि आपका ब्लड प्रेशर कैसा रहेगा। नीचे एक लिस्ट दी गई है, जो बताती है कि आपको क्या खाना चाहिए और क्या नहीं –

क्या खाएं:

  • नमकीन चीजें जैसे नमकपारे, नमकीन मठरी (सीमित मात्रा में)।
  • हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक और मेथी, जो आयरन देती हैं।
  • चुकंदर, जो रक्त संचार बेहतर करता है।
  • केला, अंगूर, खजूर जैसे फल जो पोटेशियम देते हैं।
  • दूध और दही जैसे डेयरी उत्पाद।
  • बादाम और अखरोट।
  • पर्याप्त मात्रा में पानी, कम से कम 8 से 10 गिलास रोज।

क्या न खाएं या कम करें:

  • शराब, यह ब्लड प्रेशर को और गिरा देती है।
  • भारी और तला-भुना खाना, खासकर एक बार में बड़ी मात्रा में न खाएं।
  • बहुत अधिक कार्बोहाइड्रेट वाला खाना जो खाने के बाद बीपी गिरा देता है।

लो ब्लड प्रेशर से बचने के लिए रोजमर्रा के जरूरी टिप्स (Tips to prevent low blood pressure in Hindi)

कुछ छोटी-छोटी आदतें लो बीपी को रोकने में बड़ा फर्क डाल सकती हैं जैसे कि –

  • सुबह उठते समय अचानक न उठें, पहले बिस्तर पर एक मिनट के लिए बैठें, और फिर धीरे से खड़े हों। अचानक झटके से उठने से बचें।
  • गर्मी में बाहर निकलने से पहले पर्याप्त पानी पिएं।
  • बहुत देर तक गर्म पानी से न नहाएं।
  • हल्का व्यायाम और टहलना रक्त संचार बेहतर करता है।
  • दिन में 5 से 6 बार थोड़ा-थोड़ा खाएं।
  • रात को अच्छी और पर्याप्त नींद लें।
  • अगर डॉक्टर ने कोई दवा दी हो, तो उसे नियमित लें और अपनी मर्जी से बंद न करें।
  • तनाव और चिंता को कम करने की कोशिश करें, क्योंकि यह भी बीपी को प्रभावित करता है।

डॉक्टर के पास कब जाना जरूरी हो जाता है?(When to consult Doctor for Low Blood Blood Pressure in Hindi)

घरेलू उपाय तभी काम आते हैं, जब बीपी हल्का लो हो और कारण स्पष्ट हो। लेकिन नीचे दी गई स्थितियों में तुरंत चिकित्सा सहायता लेना जरूरी है:

  • बेहोशी आना या अचानक गिर जाना
  • सीने में दर्द या सांस लेने में तकलीफ
  • बुखार के साथ बीपी लो होना
  • बीपी 80/50 mmHg से नीचे चला जाए
  • गर्भावस्था के दौरान लगातार लो बीपी
  • लक्षण बार-बार आ रहे हों और घरेलू उपायों से फर्क न पड़ रहा हो
  • बुजुर्गों में अचानक कमजोरी और भ्रम की स्थिति
  • किसी चोट या रक्तस्राव के बाद बीपी गिरना

निष्कर्ष (Conclusion)

लो ब्लड प्रेशर को हल्के में लेना उचित नहीं है, लेकिन घबराने की भी जरूरत नहीं है। सही जानकारी, जागरूकता और समय पर कदम उठाने से इसे बखूबी नियंत्रित किया जा सकता है। अपने लक्षणों को पहचानें, खान-पान और जीवनशैली में छोटे बदलाव लाएं और जरूरत पड़ने पर हमारे अनुभवी इंटरनल मेडिसिन के डॉक्टर से मिलें और इलाज लें। याद रखें, आपका स्वास्थ्य सबसे बड़ी संपत्ति है और उसकी देखभाल करना आपकी जिम्मेदारी भी है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

Share :

Written and Verified by:

MD, DM, FACC, FSCAI Director – Cardiology Dr Anshul Kumar Jain is a renowned Interventional Cardiologist with over {{experience_year}} years of experience in advanced cardiac care. Dr Jain has completed prestigious fellowships in Interventional Cardiology from Mount Sinai Medical Center, New York (USA) and The Alfred Hospital, Melbourne (Australia). He specializes in complex coronary interventions, angioplasty, stenting, structural heart disease...